punjabkesari.in Saturday, Jul 26, 2025 – 06:49 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) से मान्यता प्राप्त निजी बीएड कालेजों की ओर से एफिलिएशन फीस जमा न करवाने पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 के बीएड में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग प्रक्रिया में देरी हो गई है। एचपीयू के अधीन 28 निजी बीएड कालेजों की ओर से एफिलिएशन फीस जमा पहले ही जमा करवाई जा चुकी है लेकिन शेष 27 निजी बीएड कालेजों की ओर से अभी तक यह एफिलिएशन फीस जमा नहीं करवाई है। इसको लेकर बीते दिनों पूर्व एचपीयू प्रशासन ने नोटिस भेजे थे और अब एक बार फिर इन निजी बीएड कालेजों को बकाया फीस जमा करने के निर्देश दिए हैं।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का शिक्षा विभाग अपने स्तर पर बीएड की काऊंसलिंग शुरू करने को लेकर अपने स्तर पर तैयारियां कर चुका है, लेकिन एफिलिएशन फीस से जुड़े मामले के चलते अभी तक काऊंसलिंग शुरू नहीं की जा सकी और न ही शैड्यूल जारी किया गया है। एचपीयू के अधीन 28 निजी बीएड कालेजों की ओर से एफिलिएशन फीस जमा करवाई जा चुकी है और अब आगामी कुछ दिनों में शेष निजी बीएड कालेजों की ओर से तय फीस जमा नहीं करवाई जाती है तो फिर उन कालेजों में प्रवेश प्रक्रिया अमल में नहीं लाई जाएगी और एचपीयू से उन्हें मान्यता नहीं मिलेगी। बहरहाल संभावना यह है कि अगर आगामी कुछ दिनों में डिफॉल्टर निजी बीएड कालेज बकाया एफिलिएशन फीस जमा नहीं करवाते हैं तो एचपीयू 28 निजी बीएड कालेजों की सीटों पर प्रवेश के लिए ही काऊंसलिंग करेगा।
उम्मीदवारों को काऊंसलिंग शुरू होने का इंतजार
बीएड की प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण हुए उम्मीदवारों को अब काऊंसलिंग शुरू होने का इंतजार है। बीएड की प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित हुए अब करीब डेढ़ माह हो चुका है। 16 जून को प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित हो चुका है। इसके बाद वर्ग वार मैरिट सूची जारी की गई थी।
बीते 27 मई को हुई थी बीएड की प्रवेश परीक्षा
बीएड में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा बीते 27 मई को हुई थी और इसमें 7691 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं। अब आगामी दिनों में निजी बीएड कालेजों को एफिलिएशन फीस जमा करवाने के लिए दिए गए समय अवधि के बाद भी अगर कोई कालेज फीस जमा नहीं करवाता है तो फिर उन कालेजों की सीटों के लिए काऊंसलिंग नहीं होगी और शेष मान्यता प्राप्त बीएड कालेजों की सीटों के लिए काऊंसलिंग शुरू करने के लिए काऊंसलिंग शैड्यूल जारी किया जाएगा।
बीएड कालेजों को एक बार फिर एफिलिएशन फीस जमा करवाने के दिए निर्देश : कुलपति
प्रो. महावीर सिंह कुलपति हिप्र विश्वविद्यालय ने कहा कि 27 निजी बीएड कालेजों ने अभी तक बकाया एफिलिएशन फीस जमा नहीं करवाई है। इन बीएड कालेजों को एक बार फिर बकाया एफिलिएशन फीस जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
सबसे ज्यादा पढ़े गए







Your article helped me a lot, is there any more related content? Thanks!