
निमिषा प्रिया के पति और बेटी भी इस समय यमन के सना में हैं। निमिषा सना की ही जेल में बंद हैं। निमिषा के पति ने फांसी की तारीख टालने के लिए यमन प्रशासन को शुक्रिया कहा है।

यमन की जेल में बंद मौत की सजा का सामना कर रहीं भारतीय नर्स निमिषा प्रिया का परिवार भी यमन पहुंच गया है। ईसाई इवैंजलिस्ट केए पॉल ने एक वीडियो जारी कर यमन के हूती प्रशासन से निमिषा प्रिया को रिहा करने की अपील की है। इसके अलावा उन्होंने निमिषा प्रिया की फांसी टालने के लिए हूती प्रशासन को धन्यवाद भी दिया है। यमन की अदालत ने निमिषा की फांसी की तारीख 16 जुलाई तय कर दी थी। हालांकि सुन्नी ग्रैंड मुफ्ती कांथापुरम एपी अबूबकर मुसलियार की मध्यस्थता के बाद उनकी फांसी की तारीख टाल दी गई थी।
निमिषा की बेटी मिशेल और पति थॉमस इस समय यमन के सना में हैं। वीडियो में मिशेल कहती हैं, आई लव यू मां। थॉमस भी निमिषा की सजा को टालने के लिए हूती प्रशासन को धन्यवाद देते हैं। वहीं ईसाई पादरी किलारी आनंद पॉल स्पष्ट रूप से यमन की सरकार को दुनियाभर में शांति और प्रेम का उदाहरण पेश करने का आमंत्रण देते हैं। किलारी आनंद आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। वह अमेरिका के संगठन ग्लोबल पीस इनिशिएटिव के संस्थापक हैं।
केए पॉल हूती विद्रोहियों के नेता अब्दुल मलिक अल हूती को न्यूयॉर्क में सितंबर महीने में होने वाली ग्लोबल पीस समिट में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा, प्रेम घृणा से ज्यादा ताकतवर होता है। उन्होंने कहा कि सालों के गृह युद्ध से प्रभावित यमन में शांति स्थापित करने के लिए अब्दुल मलिक अल हूती को प्रयास करने चाहिए। बता दें कि भारत और अमेरिका सहित कई देश यमन के हूती प्रशासन को मान्यता नहीं देते हैं। इसी वजह से निमिषा प्रिया का मामले में मध्यस्थता भी आसान नहीं है।
इससे पहले भारत के ग्रैंड मुफ्ती कांथापुरम एपी अबूबकर मुसलियार ने निमिषा प्रिया के केस में मध्यस्थता की थी। वहीं भारत सरकार ने कहा था कि अन्य दोस्त देशों से संपर्क की वजह से यमन में निमिषा प्रिया की फांसी टाल दी गई है। मध्यस्थता करने वाले लोग मारे गए यमनी नागरकि तलाल अब्दो के परिवार को ‘ब्लड मनी’ ऑफर कर चुके हैं। हालांकि अब्दो के परिवार ने ब्लड मनी लेने से इनकार कर दिया है।